भारतभारी। नपं अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा ने बृहस्पतिवार को वार्ड नंबर 10 उर्मिला नगर (मनोहरपुर) स्थित मां काली मंदिर तक जाने वाले मार्ग के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
नपं की ओर से लगभग 10 लाख रुपया से बनाई जा रही 100 मीटर सड़क की गुणवत्ता को देखा। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मार्ग निर्माण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में काफी असुविधा होती थी। बरसात में रास्ता कीचड़ और जलभराव से भर जाता था, जिससे दर्शनार्थियों को कठिनाई का सामना करना पड़ता था। स्थानीय जनता लंबे समय से इस मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग कर रही थी।
नपं अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए अब इस मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। निर्माण के बाद श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के काली मां स्थान तक आसानी से पहुंच सकेंगे।