सिद्धार्थनगर। सर्दी के साथ ही मसालों के बाजार में महंगाई का तड़का लगा है। गर्म मसालों ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। इससे बाजार में लौंग, जायफल, जावित्री, काली मिर्च, जीरा, बड़ी इलायची, हल्दी और मिर्च जैसे मसालों के दामों में बीते 15 दिनों में 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ठंड में अधिक प्रयोग होने वाली लौंग का दाम एक हजार रुपये से बढ़कर 1200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। जावित्री 2300 रुपये से बढ़कर 2500 रुपये तक पहुंच गई है।
जायफल के दाम 800 रुपये से बढ़कर एक हजार रुपये और काली मिर्च के दाम 800 रुपये से 950 रुपये प्रति किलो हो गया है। सबसे अधिक बढ़ोतरी इलायची में देखने को मिली है। बड़ी इलायची के दाम दो हजार रुपये से बढ़कर 2500 रुपये हो गए हैं
जबकि छोटी इलायची 3200 रुपये से छलांग लगाकर चार हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
इससे रसोई का बजट बिगड़ गया है। दाम बढ़ने का कारण मसालों की बढ़ती मांग और कम आवक इसकी मुख्य वजह है। सर्दी में लोग मसालों का अधिक उपयोग करते हैं जिससे बाजार में खपत अचानक बढ़ जाती है।
अधिक बिक्री से बढ़ जाते हैं दाम: मसाले के व्यापारी रोहित, सत्येंद्र जायसवाल व अनुपम गुप्ता ने बताया कि इस बार मसालों के दाम पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक हैं। लौंग, जायफल, छोटी व बड़ी इलायची के दामों में सबसे ज्यादा उछाल देखने को मिला है। मौसम ठंडा होने के साथ ही घरों में गरम मसालों का इस्तेमाल बढ़ता है। सब्जियों में इन मसालों की जरूरत हर घर में रहती है। ऐसे में थोक बाजार में कीमतें स्थिर न होने तक खरीदारों को राहत मिलना मुश्किल है। द