शहर में बारिश के दौरान छाते के सहारे घर जाता युवक।
- फोटो : संवाद
सिद्धार्थनगर। पूरे दिन भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को रविवार की शाम में जाकर राहत मिली। शाम को चली हवा के साथ हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। मौसम विभाग ने सोमवार को भी बारिश की संभावना जताई है।
रविवार को सुबह से ही तेज धूप खिल गई। पूरे दिन तीखी धूप लोगों को झुलसाने लगी। बढ़ती गर्मी और उमस से हर कोई परेशान रहा। रविवार होने के बाद भी लोग भीषण गर्मी होने से घरों में ही रहे। आलम यह रहा कि देर शाम को बच्चे पार्क में खेलने के लिए निकले, लेकिन उमस होने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही थी।
गर्मी व उमस के बीच शाम करीब पांच मौसम ने रुख बदला और आसमान में काले बादल छाने लगे। इसके साथ ही तेज पछुआ चलने लगी, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल गई। वहीं थोड़ी ही देर में झमाझम बारिश होने लगी। इसका आनंद लेने के लिए लोग घर के बाहर निकल गए। बच्चे तो बारिश में भीग कर गर्मी से छुटकारा पाने का प्रयास करते दिखे।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को भी बरसात होने की संभावना हैं। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल जाएगी।