सिद्धार्थनगर। रोडवेज भले ही बांसी स्टैंड से डग्गामार वाहनों को हटाने के लिए अभियान चला रहा है, लेकिन इसका असर अब भी नजर नहीं आ रहा है।
अभियान समाप्त हाेने के बाद से ही प्राइवेट बस और ऑटो चालकों ने फिर डिपो के आसपास से ही सवारी भरनी शुरू कर दी है। अपने वाहनों को आसपास खड़ा कर यात्रियों को ले जाने से रोडवेज बसों में यात्री नहीं मिल रहे हैं। बांसी रोडवेज पर आए दिन डग्गामार परेशानी का सबब बनते हैं। इससे कई बार यात्री रोडवेज बस तक जाना चाहते हैं, लेकिन प्राइवेट वाहनों के चालक उन्हें रास्ते में ही रोककर अपने वाहन में बिठा लेते हैं।
इसके साथ ही तरह-तरह के प्रलोभन भी देते हैं, जिससे यात्री रोडवेज बस तक नहीं जा पाते हैं। डग्गामारों की इस मनमानी से रोडवेज को गिने चुने सवारी को लेकर डिपो से निर्धारित समय से जाना पड़ रहा है।