- यातायात जागरूकता माह के तहत पुलिस लाइंस में लगा शिविर, पुलिसकर्मियों को दिया गया प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण
सिद्धार्थनगर। यातायात जागरूकता माह के तहत शनिवार को पुलिस लाइंस सभागार में वाहन चालकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें चालकों के ब्लड प्रेशर, आंख और कान की जांच की गई। स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं मिलने पर चिकित्सकों ने उन्हें दवा लेने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी।
यातायात प्रभारी अजय कुमार यादव की अगुवाई में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से यातायात और नागरिक पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटना या अन्य आपातकालीन स्थिति में घायलों को तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य परीक्षण के लिए वाहन चालकों को एक-एक कर बुलाया गया। चिकित्सकों ने उनका ब्लड प्रेशर, कान और आंखों की रोशनी की जांच की। जांच में कुछ चालकों में ब्लड प्रेशर की समस्या मिली। उन्हें नियमित रूप से दवा लेने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। आंखों की रोशनी में परेशानी मिलने पर चश्मा लगवाने का सुझाव दिया गया।
शिविर में माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल रस्तोगी, ऑप्टोमेट्री विशेषज्ञ डॉ. बाबूलाल और ऑडियोलॉजिस्ट बृजदीप ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान वाहन चालकों से वाहन चलाते समय अपनी शारीरिक और मानसिक स्थिति का ध्यान रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।