ढेबरुआ। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को बढ़नी नगर में अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। पूजा समितियों की ओर से विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। प्रतिमा स्थापना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना के बाद ‘गणपति बप्पा मोरया’ और भगवान गणेश के जयकारों से पूरा कस्बा गूंज उठा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच गणेशजी का स्वागत किया। नगर के विभिन्न मोहल्लों में गणेश पूजा को लेकर विशेष सजावट की गई है। आकर्षक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजमान होने के बाद श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन के लिए पहुंचना शुरू हो गया। समितियों की ओर से आगामी दिनों में भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गणेश प्रतिमा स्थापना को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे कस्बे में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।