- इटवा नगर पंचायत में नाली और सीसी रोड का शिलान्यास किया
इटवा। पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को नगर पंचायत इटवा के परशुराम नगर वार्ड (पिपरी महरी) में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य का चेयरमैन विकास जायसवाल के साथ भूमिपूजन कर शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने सरकार से लाभान्वित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चाभी प्रदान की।
पूर्व मंत्री ने कहा कि नगर पंचायत इटवा में विकास के कई कार्य एक साथ जारी है। मुख्य बाजार में सड़कों के दोनों तरफ नालियों का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि विपक्षी इटवा के विकास में व्यवधान पैदा करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं लेकिन आजादी के 75 वर्ष बाद केंद्र और प्रदेश सरकार के नेतृत्व में गांव से नगर बना इटवा विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। इसके अलावा उन्होंने सरकार की ओर से जीएसटी में छूट की चर्चा की और कहा कि सरकार ने नवरात्रि के पर्व में जनता को राहत देने का काम किया है।
इस अवसर पर भाजपा जिलामंत्री कृष्णा मिश्र, भाजपा मंडल अध्यक्ष इटवा, दीप नारायण त्रिपाठी, सभासद प्रमोद पांडेय, पप्पू गौंड, अजय पांडेय, विजय पांडेय, भाजपा नेता परमात्मा प्रसाद आदि मौजूद रहे।