सिद्धार्थनगर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा और सराहनीय व साहसिक कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को मेडल से सम्मानित किया जाएगा। जिले से इंस्पेक्टर गौरव सिंह सहित चार पुलिस कर्मियों का इसके लिए चयन किया गया है। वहीं, 140 पुलिस कर्मियों को प्रशंसनीय सेवा के लिए एसपी की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रभारी न्यायालय सुरक्षा में तैनात निरीक्षक गौरव कुमार सिंह को पुलिस मुख्यालय की ओर से प्रशंसा चिह्न रजत ऑपरेशनल से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान बतौर प्रभारी निरीक्षक ढेबरुआ तैनाती के दौरान क्षेत्र के रेहकट गांव के टोला नजरगढ़वा में एक व्यक्ति की हत्या की अनसुलझी गुत्थी को सुलझाने के लिए उन्हें इस मेडल के लिए चयनित किया है।
इसके अलावा भवानीगंज थाना में तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिह्न, मुख्य आरक्षी पद्मदेव राय सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न, उपनिरीक्षक ओमकार नाथ ओझा रेंज कार्यालय बस्ती से संबद्ध प्रशंसा चिह्न रजत से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा जिले में 140 लोगों को एसपी प्रशस्तिपत्र से सम्मानित करेंगे।