शोहरतगढ़। जानकी मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भक्ति जागरण के पंडाल लगाने को लेकर हुआ विवाद अभी थमा नहीं है। मामले में पुलिस ने चेयरमैन पति रवि अग्रवाल और पूर्व चेयरमैन के पुत्र सौरभ गुप्ता की तहरीर पर दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया गया कि जन्माष्टमी के दिन चार सितंबर को रामजानकी मंदिर परिसर में कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे गुड्डू पांडेय मंदिर परिसर पहुंचे और वहां आने वाली दूसरी जागरण पार्टी के टेंट व डीजे लगाने की जगह को लेकर सवाल किया। इसको लेकर रविकांत और रामसेवक से उनकी कहासुनी हो गई। इसी दौरान पूर्व चेयरमैन बबिता कसौधन के पुत्र सौरभ गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और वर्तमान चेयरमैन के पति रवि अग्रवाल के साथ धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्रथम पक्ष के रवि अग्रवाल और दूसरे पक्ष के सौरभ गुप्ता समेत कई अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।