बांसी। कस्बे के नरकटहा में राजमहल के बगल में स्थित फल मंडी में बुधवार को शाम साढ़े सात बजे अज्ञात कारण से आग लग जाने से लाखों के सामान जलकर नष्ट हो गए। स्थानीय लोगों के काफी प्रयास और फायर सर्विस का वाहन पहुंचने के आग पर काबू पाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शमीम अहमद फ्रूट कंपनी में बुधवार की शाम अचानक आग लग गई। यह धीरे-धीरे फैलकर महाराष्ट्र आलू फ्रूट कंपनी तक पहुंच गई और उसे भी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग काफी भयभीत हो गए। आग लगने की सूचना मिलते ही नगर पालिका का पानी का टैंकर पहुंचा, जिससे स्थानीय लोग आग बुझाने का प्रयास कर ही रहे थे। इस बीच फायर ब्रिगेड की टीम भी वहां पहुंच गई और आग को काबू में किया। शमीम अहमद फ्रूट कंपनी के खुर्शीद अहमद ने बताया कि 600 पेटी सेब, दो हजार प्लास्टिक का कैरेट और एसी का चैंबर जलकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम निखिल चक्रवर्ती, कोतवाल मृत्युंजय पाठक पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए थे।