- समस्या बरकरार मिलने पर फिर पहुंचे फील्ड इंजीनियर
डुमरियागंज। ग्राम पंचायत भड़रिया में महीनों से बंद पड़ी पेयजल आपूर्ति चालू करने की कवायद तेज है। शुक्रवार को फील्ड इंजीनियर प्रियांशु त्रिपाठी ने दोबारा गांव में पहुंचकर पानी टंकी और सप्लाई व्यवस्था का जायजा लिया। आधे गांव में अब भी जलापूर्ति ठप मिलने पर उन्होंने वेंडर को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
भड़रिया में वर्ष 2017-18 में उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा 226.95 लाख रुपये की लागत से ओवरहेड पानी टंकी का निर्माण कराया गया था। योजना के तहत करीब 1382 घरों को नल से जल उपलब्ध कराया जाना था लेकिन दलमीर डीह, भैंसहिया, लालपुर और भड़रिया पुलिस बूथ चौराहा सहित कई मोहल्लों में पिछले कई महीनों से पानी की सप्लाई बाधित है। कहीं पाइपलाइन लीकेज तो कहीं मोटर और लाइन की तकनीकी खराबी के कारण लोग पेयजल से वंचित हैं।
एक सितंबर को समस्या उजागर होने के बाद दाे सितंबर को अधिकारियों ने पहली बार मौके पर निरीक्षण किया था। हालांकि मरम्मत कार्य पूरा न होने से शुक्रवार को फील्ड इंजीनियर ने दोबारा टंकी का निरीक्षण किया और वेंडर हरसिल से कनेक्शन और जलापूर्ति की स्थिति की जानकारी ली।
वेंडर ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन प्रभावित होने से आधे गांव में सप्लाई बंद है। इस पर फील्ड इंजीनियर ने नाराजगी जताते हुए क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत शीघ्र शुरू कराने और बंद जलापूर्ति जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस बार निरीक्षण के बाद समस्या का स्थायी समाधान होगा।