तिलौली। थाना शिवनगर डिंडई क्षेत्र के कटबंध पेट्रोल पंप के पास कार की टक्कर से रमवापुर दूबे निवासी कृष्ण धर दूबे उर्फ भैरोधर (51) की मौत हो गई। वहीं उसकी बेटी गोल्डी (27) और एक वर्षीय मासूम नातिन भी गंभीर रूप से घायल हो गई। मंगलवार की सुबह 10 बजे के करीब हुए हादसे के बाद परिजनों और गांव में शोक व्याप्त है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है जबकि स्थानीय पुलिस बाइक और चार पहिया वाहन कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी हुई है। बांसी कोतवाली क्षेत्र के रमवापुर दूबे निवासी कृष्ण धर दूबे उर्फ भैरोधर (51) अपनी शादीशुदा बेटी गोल्डी (27) और उसकी एक वर्षीय बच्ची का रुधौली से इलाज करवाकर बाइक से लौट रहे थे। अभी वह कटबंध पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि बस्ती की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से घायलों को जिला चिकित्सालय बस्ती भेजा, जहां इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल कृष्ण धर दूबे की मौत हो गई। घायल गोल्ड और मासूम का कैली अस्पताल में इलाज चल रहा है। बस्ती पुलिस ने मृतक कृष्ण धर दूबे का शव पोस्टमार्टम को भेजा है। हादसे की सूचना पर मृतक के घर कोहराम मच गया है। कृष्ण धर दूबे अपने पीछे पत्नी के अलावा चार अविवाहित बेटियां छोड़ गए।
प्रभारी निरीक्षक शिवनगर डिंडई मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा है कि वह राज्यपाल के कार्यक्रम में थे। घटनास्थल से एक बाइक और एक फाॅर्च्यूनर गाड़ी पुलिस थाने लेकर आई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।ई