बांसी क्षेत्र के चेतिया गांव में सड़क जाम करते लोग। संवाद
मिश्रौलिया। बांसी तहसील क्षेत्र के चेतिया गांव में शनिवार सुबह यूरिया न मिलने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। साधन सहकारी समिति खाद वितरण बंद होने से नाराज किसानों ने सड़क जाम कर दी। इससे चेतिया-जिगनिहवा मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल और नायब तहसीलदार तिलौली महबूब आलम मौके पर पहुंचे। चेतिया चौकी इंचार्ज प्रदीप चौहान ने किसानों को एक घंटा समझाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
नायब तहसीलदार महबूब आलम ने बताया कि साधन सहकारी समिति चेतिया के सचिव खाद बांटने आए थे लेकिन जो समिति के मेंबर नहीं थे, वे लोग बवाल कर रहे थे। इसकी वजह से यूरिया का वितरण रुक गया था।
वहीं किसान राकेश गुप्ता, डब्लू यादव, बबलू तिवारी, घनश्याम चौरसिया, सुनील यादव आदि ने बताया कि हम लोग सुबह 5:00 बजे से ही लाइन लगाए हुए हैं। हम लोगों समिति के मेंबर हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रहा है। जिन लोगों का मेंबरशिप कार्ड नहीं बना है उन्होंने बताया कि कुछ लोगों की समिति की सदस्यता की पासबुक बनवा दी गई है। पहले हम लोगों को आधार कार्ड पर ही खाद मिलता था। सचिव द्वारा खाद न देने के कारण यह दिक्कत आ रही है। इस संबंध में एसडीएम निखिल चक्रवर्ती ने बताया कि जिन लोगों का समिति का मेंबरशिप कार्ड है या फार्मर रजिस्ट्रेशन है, उनको ही खाद मिलेगा। शासन की ओर से यह आदेश भी जारी हुआ है।