नगरपंचायत बढनी चाफा मुख्य बाजार में रामदीन जूनियर हाईस्कूल के परिसर में रामलीला कार्यक्रम का मं
भवानीगंज। नगर पंचायत बढ़नी चाफा मुख्य बाजार में रामदीन जूनियर हाईस्कूल के परिसर में रामलीला का मंचन किया जा रहा है। दूसरे दिन मंगलवार की रात रामजन्म से ताड़का वध तक के प्रसंगों का मंचन किया गया। मंचन की शुरुआत मंगलाचरण और श्रीराम जन्मोत्सव के अद्भुत दृश्य से हुई, जिसमें कलाकारों ने भगवान राम के जन्म की आनंदमयी झांकी प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बाल्यकाल के प्रसंगों में राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की शिक्षा दीक्षा तथा ऋषि विश्वामित्र के संग वनगमन का दृश्य अत्यंत आकर्षक रहा। जब मंच पर राम ने ताड़का का वध किया तो पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। राम-लक्ष्मण की भूमिका में स्थानीय छोटे कलाकारों और विश्वामित्र की भूमिका में राजकुमार गुप्ता ने अपनी उत्कृष्ट अदायगी से दर्शकों का दिल जीत लिया। मंच संचालन मुन्नालाल गुप्ता, और निर्देशन ध्रुवराज वर्मा और संगीत संयोजन बाहर से आए कलाकारों ने किया।