खेसरहा। क्षेत्र के कोटिया पांडेय गांव में बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण और साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर महिलाओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में करीब 110 महिलाएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीओ बांसी रोहिनी यादव ने ग्रामीण महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं किसी भी परेशानी में खुद को अकेला या कमजोर न समझें। कानून ने महिलाओं को कई अधिकार दिए हैं, जिन्हें जानकर और अपनाकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में 1090 महिला हेल्पलाइन और डायल 112 पर बिना किसी भय के संपर्क करें। इन नंबरों पर शिकायत करने पर पीड़िता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, जिससे सामाजिक बदनामी का डर नहीं होना चाहिए। सीओ रोहिनी यादव ने कहा कि बहुत-सी महिलाएं आज भी सामाजिक दबाव के कारण अपनी समस्याएं साझा नहीं कर पातीं, जबकि पुलिस उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है। उन्होंने पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सास-बहू के रिश्तों में मधुरता पर भी विशेष जोर दिया। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने बढ़ते साइबर फ्रॉड को लेकर महिलाओं को सतर्क किया। उन्होंने बताया कि साइबर ठग लालच देकर ओटीपी मांगते हैं या फर्जी आरोप लगाकर पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें।