रेलवे स्टेशन सिद्धार्थनगर पर लगी यात्रियों की भीड़सिंवाद
सिद्धार्थनगर। दीपावली और छठ पर्व अक्टूबर में हैं, लेकिन ट्रेनों की सारी सीटें सितंबर में ही फुल हो गईं हैं। हालात यह है कि लोग ट्रेनों में टिकट न मिलने से वैकल्पिक व्यवस्था में जुटे हैं।
दिल्ली, मुंबई और गुजरात से आने वाली सभी ट्रेन के स्लीपर व एसी बोगी में अक्टूबर माह तक सीट खाली नहीं है। ऐसे में त्योहार पर आने वाले यात्रियों को अभी से ही परेशानी बढ़ गई है।
दीपावली और छठ त्योहारों की भीड़ ट्रेनों में दिखने लगी है। अभी से ट्रेनों में रिजर्वेशन टिकट की बुकिंग फुल है। सिद्धार्थनगर से होकर जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में टिकट बुक नहीं हो पा रहा है। सीट फुल होने से प्रवासी यात्री सबसे ज्यादा परेशान हैं। अक्टूबर में दीपावली और छठ दो बड़े त्योहार पड़ रहे हैं।
इस बार दिवाली 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी, जिले से हजारों लोग रोजी-रोटी के तलाश में दिल्ली, मुंबई, गुजरात, बंगलुरू जैसे बड़े शहरों में नौकरी करने जाते हैं। ऐसे में त्योहार के समय में सभी प्रवासी अपने परिवार के साथ ही त्योहार को मनाना चाहते हैं।
ट्रेन में सीट नहीं मिलने से लोग अन्य व्यवस्थाओं से घर आने की तैयारी में हैं। ट्रेन का आलम यह है कि एलटीटी के स्लीपर में 38 वेटिंग, थ्री एसी में 29 तो टू एसी में 13 वेटिंग है जबकि पनवेल के स्लीपर में 48 वेटिंग, थ्री एसी में 27 और टू एसी में 16 वेटिंग हैं। यहीं हाल अन्य ट्रेनों का भी है।ी