कलेक्ट्रेट सभागार में र्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर बनाने के संबंध में बैठक करते डीएम शिवशरणप
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य प्रदेश के समग्र विकास, रोजगार सृजन, औद्योगिक प्रगति और किसानों और उद्यमियों की आय बढ़ाने से जुड़ा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ लागू किया जाए और कृषि, एमएसएमई, उद्योग, पर्यटन, कौशल विकास, निर्यात संवर्धन, आधारभूत संरचना, निवेश प्रोत्साहन, डिजिटल सेवाओं और स्वरोजगार योजनाओं पर विशेष फोकस रखा जाए।
उन्होंने जनपद में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने, निवेशकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और शासन द्वारा निर्धारित सूचकांकों के अनुरूप विभागवार नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने और विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, जिला अर्थ और संख्या अधिकारी बीएस यादव, उपायुक्त उद्योग और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।