- डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर शिक्षकों का प्रमाणित विवरण जल्द उपलब्ध कराने को कहा
सिद्धार्थनगर। जिले के वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा के संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक ने वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर शिक्षकों का प्रमाणित डाटा उपलब्ध कराने को कहा है। विभाग की ओर से मांगे गए विवरण को विद्यालय के प्रधानाचार्य से प्रमाणित कराने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में शीघ्र भेजने का निर्देश दिया गया है। लंबे समय से शिक्षक संगठनों की ओर से वित्तविहीन शिक्षकों को भी सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों की तरह कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की मांग उठाई जा रही थी।
वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश महासचिव देशबंधु शुक्ल ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों और शिक्षक बंधुओं से अपने विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों का डाटा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तैयार कराकर जल्द जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व, विशेषकर प्रधान महासचिव जियारत हुसैन के प्रयास से शासन और सरकार के समक्ष वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की मांग रखी गई थी। मुख्यमंत्री की ओर से इस मांग को पूरा किए जाने पर उन्होंने प्रदेश नेतृत्व की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।