डुमरियागंज के बनगवां नानकार गांव में संगीतमयी राम कथा का आयोजन
डुमरियागंज। तहसील क्षेत्र के बनगवां नानकार गांव में नवयुवक दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित संगीतमयी श्रीराम कथा में रविवार रात कथावाचक बाबा विजय राघव दास रामायणी ने भरत चरित्र, भरत मिलाप और भगवान श्रीराम की वनयात्रा के प्रसंग सुनाए। उन्होंने भाई के प्रति प्रेम, त्याग, भक्ति और समर्पण की महत्ता बताई।
कथा में भरत के बड़े भाई श्रीराम के प्रति अटूट प्रेम, चित्रकूट में भरत मिलाप और उनकी चरण पादुका लेकर अयोध्या लौटने का प्रसंग सुनाया गया। इसके बाद जयंत को दंड देने, महर्षि अत्रि के आश्रम में माता अनुसुइया से सीता की भेंट और उनके उपदेशों का वर्णन किया गया।
कथावाचक ने महर्षि शरभंग की सद्गति, सुतीक्ष्ण मुनि की भक्ति और महर्षि अगस्त्य के आश्रम से होते हुए श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के पंचवटी पहुंचने का प्रसंग भी सुनाया। इस दौरान वीरेंद्र दूबे, सतीश दूबे, जय प्रकाश दूबे, कल्लू यादव, इंदल यादव, महेंद्र पांडेय, बाबूलाल गुप्ता समेत अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।