डुमरियागंज क्षेत्र के कूड़ी गांव के घटना स्थल पर लगी भीड़। संवाद
भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कूड़ी गांव में बुधवार की पति राम संवारे को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश करने वाली महिला पूनम पर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में केस दर्ज कर लिया है। बेटे की तहरीर देकर मां पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
उससे पूछताछ के बाद वारदात की सटीक जानकारी और वजह सामने आएगी। इस मामले में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। मामला अवैध संबंध के होने की बात सामने आ रही है। वहीं, पीड़ित राम संवारे का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित के पुत्र कमलेश गौतम ने डुमरियागंज पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि 29 अक्तूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे घरेलू विवाद में उसकी मां पूनम ने पिता राम संवारे के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर जान से मारने की नीयत से आग लगा दी। पिता के किसी तरह बाहर आने और शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई। तब तक वह बुरी तरह से झुलस गए थे। गंभीर हाल में लोग उन्हें सीएचसी बेंवा ले गए, जहां डाॅक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया, जहां डाॅक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। वहां राम संवारे का इलाज चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पुत्र कमलेश गौतम के तहरीर पर पत्नी पूनम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।