सिद्धार्थनगर। कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के तहत बुधवार को त्रिलोकपुर था ना की कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) गांव सरौथर कठौतिया पहुंची। पुलिस टीम ने 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और दिव्यांगजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
प्रभारी निरीक्षक हरेकृष्ण उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी आवश्यकताओं और कुशलक्षेम की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें वृद्धावस्था पेंशन सहित सरकारी योजनाओं का नियमित लाभ मिल रहा है तथा गांव में आपसी सौहार्द का माहौल है।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।
यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। टीम में उपनिरीक्षक गणेश कुमार, आरक्षी लालबाबू निषाद, रिजर्व आरक्षी अमित मिश्रा और महिला आरक्षी मनीषा सिंह शामिल रहीं।