- 10 करोड़ रुपये की लागत से होना था अशोक मार्ग का चौड़ीकरण, कई मोहल्लों में जलनिकासी व्यवस्था भी प्रभावित
- अधूरे निर्माण से उड़ रही धूल, राहगीरों को सांस लेने में हो रही परेशानी
सिद्धार्थनगर। शहर के अशोक मार्ग पर फोरलेन निर्माण के डेढ़ साल बाद भी फुटपाथ और नाली का काम पूरा नहीं हो सका है। कई स्थानों पर निर्माण अधूरा होने से दिनभर धूल उड़ती रहती है। इससे राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।
करीब ढाई किलोमीटर लंबे अशोक मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि आवंटित की गई थी। इसके तहत सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ और नाली का निर्माण होना था। सड़क की चौड़ाई 10 मीटर से बढ़ाकर 16.5 मीटर की गई है। साथ ही बीच में डिवाइडर भी बनाया गया है। सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, हालांकि अभी एक लेयर गिट्टी बिछाई जानी बाकी है। वहीं, फुटपाथ और नाली का निर्माण जगह-जगह अधूरा पड़ा है।
केंद्रीय विद्यालय और जलनिगम कार्यालय के पास भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। यह मार्ग शहर के सरकारी कार्यालयों और मेडिकल क्षेत्र को जोड़ता है। इस कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। अधूरे निर्माण के कारण उड़ने वाली धूल से बाइक सवारों और सुबह टहलने वाले लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो रही है।
नाली निर्माण अधूरा होने से शास्त्रीनगर, वाल्मीकनगर, सरोजनीनगर और आजादनगर सहित कई मोहल्लों की जलनिकासी व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। शहर निवासी मनोज तिवारी, अरशद और दिलीप ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ धूल से बचाव के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है।
इस संबंध में एनएचएआई के एई जयशंकर सिंह ने बताया कि कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।