पकड़ी बाजार। जोगिया ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोगीबारी गांव में 15 साल पहले शुरू हुए एएनएम सेंटर भवन का निर्माण अब भी अधूरा है। जिम्मेदारों की अनदेखी से निर्माण कार्य को पूरा नहीं हो सका, जिसकी वजह से अस्तित्व में आने से पहले ही भवन जर्जर हो चुका है।
गांव के प्रधान प्रतिनिधि नीरज सिंह ने जिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य को पूर्ण कराने की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र के जोगीबारी गांव में 2009-2010 में इस एएनएम सेंटर का निर्माण शुरू हुआ था। इसे देखकर यहां के लोगों को खुशी हुई कि अब उन्हें दवा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। मगर निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार ने छह माह बाद ही सेंटर के भवन का काम अधूरा छोड़ दिया। इसके बाद से ही भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इसके बाद सत्ता बदली, प्रधान बदले, सभी ने इसे शुरू कराने की कोशिश की, लेकिन किसी को कामयाबी नहीं मिल सकी। यहां नजदीक में कोई एएनएम सेंटर न होने से यहां के लोगों को दवा के लिए सीएचसी शोहरतगढ़ या 30 किलोमीटर जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है।
इस अधूरे एएनएम सेंटर के निर्माण कार्य को शुरू कराने के लिए प्रधान प्रतिनिधि नीरज सिंह ने 8 सितंबर को जिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य को शुरू कराने की मांग की है। इसके बाद भी अभी तक इस मामले में जिम्मेदाराें के कान पर जूं तक नहीं रेंगी है।