- बजरंग मोड़ से घटरम्हा तक चार किमी मार्ग पर बढ़ा वाहनों का दबाव, संतकबीरनगर आने-जाने में होती है परेशानी
सिद्धार्थनगर। खेसरहा ब्लॉक क्षेत्र में बजरंग मोड़ से सुपौली और भेड़ौहा होते हुए संतकबीरनगर जिले के राजघाट को जोड़ने वाली सड़क संकरी होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। कम दूरी के कारण इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। क्षेत्रीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से बजरंग मोड़ से घटरम्हा तक करीब चार किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण की मांग की है।
बांसी-खलीलाबाद मार्ग पर बजरंग मोड़ चौराहे से निकलने वाली यह सड़क सुपौली और भेड़ौहा गांव होते हुए संतकबीरनगर जिले की सीमा पर स्थित घटरम्हा गांव तक जाती है। यहां से राजघाट, सेमरियावां और रुदौली तक सड़क चौड़ी होने के कारण लोग कम दूरी तय करने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इससे संकरे हिस्से पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। आमने-सामने से वाहन आने पर आवागमन प्रभावित होता है।
भेड़ौहा गांव के प्रधान प्रतिनिधि अजय राय ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। सड़क संकरी होने के कारण वाहनों को एक-दूसरे से गुजरने में दिक्कत होती है। चौड़ीकरण होने से आवागमन सुगम होगा और लोगों के समय की बचत भी होगी।
मरवटिया गांव के किशोरी लाल ने बताया कि सड़क चौड़ी होने से खेसरहा क्षेत्र के लोगों के साथ संतकबीरनगर जिले की ओर आने-जाने वाले राहगीरों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने मार्ग की उपयोगिता को देखते हुए जल्द चौड़ीकरण कराने की मांग की।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता वीके राय ने बताया कि क्षेत्र की कई सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे गए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य कराया जाएगा।