खेसरहा। थाना क्षेत्र के बांसी-धानी मार्ग पर स्थित बंजरहा मोड़ के पास बृहस्पतिवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में ड्यूटी पर जा रहा सफाईकर्मी सकारपार चौराहा निवासी जगन्नाथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सकारपार चौराहा निवासी जगन्नाथ यादव बंजरहा गांव में सफाईकर्मी के पद पर तैनात है। बृहस्पतिवार को वह बांसी-धानी मार्ग से बंजरहा गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बंजरहा मोड़ पर मुड़े, सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जगन्नाथ यादव को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। हादसे की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और हालत गंभीर होने पर उन्हें जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज सकारपार विजय सिंह ने बताया कि हादसे की कोई सूचना नहीं मिली है। शिकायत होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।