उसका बाजार। पयोहारी आश्रम के तत्वावधान में मंगलवार को उसका राजा स्थित रामलीला मैदान में विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। रावण वध का मंचन होते ही मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। रावण के पुतले का दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मेले में देर रात तक भीड़ जुटी रही।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, भाजपा नेता सत्यप्रकाश राही, जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, हेमंत जायसवाल, प्रभात शुक्ल आदि मौजूद रहे।
पूजा पंडालों में भंडारे का आयोजन
शोहरतगढ़। विजयादशमी की शाम नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पूजा समितियों की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल ने पति रवि अग्रवाल के साथ अपने आवास के समीप स्थित पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं को पूरी, सब्जी और हलवे का प्रसाद वितरित किया। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा भारत माता चौक (सोनारी मोहल्ला), खड़ा कुल, तिरंगा चौक और कृषक मंडल सहित विभिन्न पूजा पंडालों में भी भंडारे आयोजित किए गए। यहां श्रद्धालुओं को प्रसाद और फलाहार वितरित किया गया। इस दौरान अजय वर्मा, अमृत दालान, शीतल उमर, दीपक मित्तल, सर्वेश खेतान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
चिल्हिया क्षेत्र में 67 मूर्तियों का विसर्जन
चिल्हिया। क्षेत्र में स्थापित मां दुर्गा की 67 मूर्तियों का मंगलवार रात श्रद्धा और उत्साह के साथ विसर्जन किया गया। पलटा देवी पोखरा, गाय घाट, परेया पुल, बजहा ताल, डोइया नाला और अमारी सहित विभिन्न स्थानों पर मूर्तियों का विसर्जन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे और जयकारों के बीच शोभायात्रा निकाली। मां की विदाई के समय श्रद्धालु भावुक हो गए और नम आंखों से मूर्तियों का विसर्जन किया।विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए चिल्हिया थानाध्यक्ष पवन कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक सुधाकर राय, गोपाल यादव और शारदा शरण सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।