भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के पीएचसी तरहर, बिजौरा और सोहना में रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में खांसी, गले में खराश, एसिडिटी, फंगल इंफेक्शन, जोड़ों में दर्द, त्वचा रोग आदि के कुल 140 मरीजों का इलाज कर निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
सीने में दर्द और हड्डी से संबंधित मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्र के लिए संदर्भित किया गया। पीएचसी तरहर में डॉ. आशीष सत्यार्थी ने 47, पीएचसी बिजौरा में डॉ. ईशदेव आर्य ने 48 और सोहना में डॉ. हनुमंत लाल मिश्रा और पीएन तिवारी ने 45 मरीजों का इलाज कर निशुल्क दवाएं दीं।
अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि वर्तमान समय में मौसम परिवर्तन के कारण विशेष रूप से बच्चों में वायरल फीवर, निमोनिया, डायरिया, खासी व गले में खराश आदि होने की संभावना बढ़ जाती है। बच्चों को इससे बचाने के लिए वूलन के कपड़ों इस्तेमाल करें।
समय-समय पर टीकाकरण करवाएं। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक दिनों से खांसी आना, भूख ना लगना, वजन का कम होना, बलगम में खून का आना, बुखार होना आदि क्षय रोग के लक्षण होते हैं।
इनके दिखने पर निकटवर्ती अस्पताल में पहुंचकर चिकित्सीय इलाज व परामर्श जरूर लें। इलाज में विलंब करने पर मरीज ठीक होने की संभावना कम हो जाती है। साथ ही मरीज के संपर्क में आने वाले परिवार के अन्य सदस्यों को भी क्षय रोग होने की संभावना भी बढ़ जाती है।
इस दौरान पीएन तिवारी,अंबुज श्रीवास्तव, अजय पांडेय, प्रिंस पांडेय, अमित तिवारी, अश्विनी अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
35 मरीजों का उपचार कर दी गईं दवाएं : सकारपार। सीएचसी बसंतपुर के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोनहाडीह में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला में 35 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं दी गई। वर्तमान समय में सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं।
अस्पताल पर 20 मरीज सर्दी-जुकाम के पहुंचे। डॉ. एस ग्यासुद्दीन ने बताया कि इस समय मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। दिन में गर्मी पड़ रही है तो रात को मौसम सर्द हो जा रहा है। सर्द-गर्म से सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है।
ऐसे मरीजों को सुझाव दिया जा रहा है कि यदि सर्दी- जुकाम, बुखार से ग्रसित हैं तो घर के अन्य सदस्यों के संपर्क में न आए। सभी सदस्यों से दूरी बनाकर रखें। यदि खांसी, छींक आती है तो मुंह या नाक को रुमाल से ढक कर रखें। साथ ही मुंह में मास्क का प्रयोग करें।
स्वास्थ्य मेले में एएनएम नहीं पहुंची : डुमरियागंज। नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला में उपचार के लिए आए 26 मरीजों में से 16 मरीज वायरल फीवर और जुकाम से पीड़ित रहे।
इनकी चिकित्सकों ने जांच कर दवाएं दीं। स्वास्थ्य मेले में एएनएम सुप्रिया अनुपस्थित रही, जिससे महिला मरीजों को उपचार में दिक्कत हुई। इस दौरान डाॅ. बीके सिंह, डाॅ. राम किशोर प्रजापति, पवन श्रीवास्तव रहे।