- 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं और छूटे पात्र नागरिकों को सूची में जोड़ने पर जोर
- विशेष पुनरीक्षण के बाद जिले में 16.80 लाख मतदाता रह गए थे, अब संख्या 19.61 लाख तक पहुंची
सिद्धार्थनगर। विशेष पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जोड़ने का अभियान फिर शुरू हो गया है। निर्वाचन विभाग की ओर से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वालों, महिलाओं, दिव्यांगों और ऐसे पात्र नागरिकों को सूची में शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है, जिनके नाम किसी कारण से सूची में नहीं हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिक फॉर्म-6ए से आवेदन कर सकते हैं। बीएलओ के अलावा तहसील और जिला निर्वाचन कार्यालय में भी आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए ईसीआईनेट मोबाइल एप और voters.eci.gov.in की सुविधा उपलब्ध है।
जनवरी 2026 में विशेष पुनरीक्षण शुरू होने के समय जिले में 19,63,872 मतदाता दर्ज थे। सत्यापन के दौरान 3,98,920 नाम हटाए गए। इनमें 77,495 मृत, 1,04,299 अनुपस्थित या अनट्रेसेबल, 1,65,751 स्थानांतरित और 41,650 डुप्लीकेट मतदाता पाए गए। इसके अलावा 9,725 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा नहीं किया था। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 10 अप्रैल को प्रकाशित अंतिम सूची में 16,80,555 मतदाता रह गए। इनमें 9,29,004 पुरुष, 7,51,464 महिलाएं और 87 अन्य श्रेणी के मतदाता थे। इसके बाद नाम जोड़ने और संशोधन की प्रक्रिया जारी रही। मौजूदा सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर करीब 19.61 लाख हो गई है।
-
पांच विधानसभा क्षेत्रों में अभियान
- जिले में शोहरतगढ़, कपिलवस्तु, बांसी, इटवा और डुमरियागंज पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। जिला निर्वाचन पोर्टल पर 2,186 मतदान केंद्र दर्ज हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से बीएलओ के माध्यम से पात्र लोगों की पहचान कर नाम जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मतदाताओं से अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील की गई है।
प्रारंभिक सूची : 19,63,872
पुनरीक्षण में हटे : 3,98,920
अंतिम सूची : 16,80,555