- डीएम को भेजा शिकायती पत्र, जांच कराकर कार्रवाई की मांग
डुमरियागंज। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बयारा में ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में व्याप्त त्रुटि और अनियमितता को लेकर ग्राम के लोग नाराज है। मामले में डीएम को शिकायती पत्र भेजकर गांव के बीएलओ पर जीवित लोगों का नाम मतदाता सूची से बाहर करने का आरोप लगाया है।
डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में बयारा गांव निवासी फैसल शोएब ने आरोप लगाया कि गांव में मतदाता पुनरीक्षण कार्य के दौरान तैनात रहे बीएलओ की टीम ने मतदाता सूची की वास्तविक सूची में मनमानी करते हुए जीवित वोटरों का नाम सूची से बाहर कर दिया है। बीएलओ ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान डोर टू डोर जाकर सर्वे और सत्यापन नहीं किया। मनमाने ढंग से जीवित लोगों का नाम सूची से बाहर कर दिया। उन्होंने बताया कि जब ग्राम पंचायत की मतदाता पुनरीक्षण कार्य के लिए उक्त बीएलओ की तैनाती की गई थी तब उन्होंने विरोध दर्ज कराया था। फैसल ने बताया कि गांव के अलीमुल्लाह, रूबीना, एजाज अहमद, नूरजहां, सुमन आदि जीवित है। इसके बावजूद उनका नाम विलोपित सूची में डाल दिया।