- बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता की शुरुआत, शनिवार को जिला स्पोर्ट स्टेडियम में हुआ आयोजन
सिद्धार्थनगर। बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता की शुरुआत शनिवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। बैडमिंटन बालक-बालिका चयन प्रतियोगिता में छह विकास खंडों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में विकास खंड जोगिया को पराजित कर भनवापुर बालक वर्ग में विजेता बना। वहीं बालिका वर्ग में भी भनवापुर ने डुमरियागंज की टीम को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया।
कुश्ती के विभिन्न भार वर्ग के बालक-बालिकाओं की छह विकास खंडों के पहलवानों ने प्रतिभाग किया। इसमें 48 किलो भारवर्ग में राहुल भनवापुर, 44 किलोग्राम भारवर्ग में रामनिवास खेसरहा, 41 किलोग्राम वर्ग में मोहम्मद अल्ताफ खेसरहा, 38 किलोग्राम वर्ग में राजेश बांसी, 35 किलोग्राम वर्ग में राजकुमार जोगिया प्रथम रहे। वहीं, बालिका संवर्ग के 46 किलोग्राम वर्ग में दिव्या डुमरियागंज, 42 किलोग्राम में मधु डुमरियागंज, 39 किलोग्राम भारवर्ग में शिवानी डुमरियागंज, 35 किलोग्राम वर्ग में रागिनी शोहरतगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शतरंज के बालक बालिका प्रतियोगिता में नौ विकासखंडों ने प्रतिभाग किया। इसमें बालक संवर्ग में विवेक लोटन ने रूपेश खेसरहा को पराजित कर जनपदीय विजेता का खिताब हासिल किया। बालिका संवर्ग में सपना भारती को पराजित कर सना परवीन पीएम श्री विद्यालय समोगरा ने विजय प्राप्त की। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में तीन विकास खंडों ने प्रतिभाग किया, जिसमें सिंगल इवेंट के बालक संवर्ग में साहिल प्रथम और अरुण द्वितीय रहे और बालक डबल्स में रियाज और प्रभाकर विजेता बने। साहिल और अमर उप विजेता बने। बालिका संवर्ग के टेबल टेनिस प्रतियोगिता में आरोही विजेता अफसाना पीएम श्री विद्यालय समोगरा द्वितीय रहीं। डबल्स में समोगरा की अफसाना और अफबा ने साहिबा और आरोही को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता का शुभारंभ डीसी सामुदायिक सहभागिता अमित कुमार शुक्ल और विशिष्ट अतिथि डीसी निपुण आशीष सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान बीईओ राजेश कुमार, नीरज कुमार सिंह, ओमप्रकाश मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार पाल, कार्यक्रम का संचालन उपेंद्र उपाध्याय जिला व्यायाम शिक्षक एवं सीमा द्विवेदी के द्वारा किया गया।