सिद्धार्थनगर। नवरात्रि के उत्सव में पंडाल को चकाचौंध और रंग-बिरंगी लाइटों से रोशन किया गया है। अधिकांश स्थानों पर किसी के घर से या बिजली के पोल से खींचकर बिजली आपूर्ति दी जा रही है। मगर थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। भवानीगंज थाना क्षेत्र में बिजली के पोल से पंडाल तक लाया गया तार कटा होने से से लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित हो गया। इसकी चपेट में आकर महिला की जान चली गई। इस प्रकार की घटना अन्य जगह होने से इन्कार नहीं किया जा सकता है। संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में एचटी तार के नीचे पंडाल, पास से गुजर रहे तार और लापरवाही पूवर्क बिजली का कनेक्शन लेने की बात सामने आई है।
नवरात्रि का उत्सव चल रहा है। पंडाल तो कहीं मंदिर में मां की पूजा और भजन-कीर्तन हो रहा है। प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक जनपद में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक 1250 दुर्गा मूर्तियां स्थापित की गईं हैं। इससे इतर इतनी ही संख्या में गैर पंजीकृत रूप से लोगों ने मूर्तियां बिठा रखीं हैं। हर पंडाल पर सजावट और लाइटिंग की व्यवस्था की गई। सुरक्षा की बात करें तो उत्सव के धूम में लोग उसे भूल चुके हैं। पूजा करना ठीक है, लेकिन थोड़ी से लापरवाही सिर्फ उन्हें ही नहीं, दूसरों को भी मुसीबत में डाल सकती है। भवानीगंज में हुए हादसे के बाद सुरक्षा के बारे में पड़ताल गई तो कई जगह पर बड़ा खतरा नजर आया। शहर के साथ ही जोगिया, बर्डपुर और शोहरतगढ़ क्षेत्र में पड़ताल में कमोबेश यही लापरवाही सामने आई जो बड़े संकट का कारण बन सकती है।
दुर्गा पूजा समारोह के पंडाल में, कटिया केबल से बिजली बनी घातक: भनवापुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में बने दुर्गा पूजा पंडाल में सीधे पोल से केबल लगाकर बिजली की आपूर्ति की जा रही है। दुर्गा पूजा पंडाल में रविवार को सुबह पूजा करने गई भवानीगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में पूजा देवी (48) की टेंट के पाइप में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
हालांकि कि परिजनों ने कोई कार्रवाई न करने का आग्रह किया। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर पूरे क्षेत्र में जगह-जगह चौराहे व गांवों में दुर्गा पूजा समारोह को लेकर पंडाल सजाया गया है। इन पंडालों में आयोजनों से बिजली के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गई है, मगर आपात स्थिति में बिजली के रहने पर बगल में लगे अधिकतर बिजली के पोल से केबल के माध्यम से कटिया लगा कर पंडालों में बिजली सप्लाई की गई है। जलालपुर में भी यही हाल दिखा, जहां दुर्गा पूजा पंडाल के बगल से बिजली के पोल से केबल जोड़ कर पंडाल में बिजली सप्लाई की गई है।
नहीं लिया है किसी ने कनेक्शन: बिजली निगम के जिम्मेदारों की मानें तो पूजा के लिए पंडाल और रामलीला के लिए अस्थाई कनेक्शन की भी नियम है। अगर अस्थाई कनेक्शन लिया जाए तो सुरक्षा मानकों के तहत बिजली निगम की ओर से कनेक्शन दिया जाता है, जिसमें विभाग की ओर से निगरानी की जाती है।
साथ ही अगर कोई घटना या फिर दुर्घटना होती है तो उसमें सहायता भी मिल सकती है। लेकिन जब कनेक्शन के बारे में जानकारी ली गई तो पता चला कि कोई अस्थाई कनेक्शन नहीं लिया गया है।ं
भनवापुर क्षेत्र में आयोजित दुर्गा पूजा समारोह को लेकर बने पंडाल के ऊपर से हाईटेंशन लाइन। संवाद