सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा नजदीक आने के साथ ही परीक्षार्थियों का तनाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में विशेषज्ञों ने अंतिम समय में पढ़ाई की रणनीति को लेकर अहम सुझाव दिए हैं।
मनोवैज्ञानिक डॉ. अनीता ने कहा कि अब विद्यार्थी नया पाठ्यक्रम पढ़ने से बचें। उनके जो विषय और टॉपिक पहले से तैयार हैं, उन्हें लिखकर रिवाइज करना ज्यादा लाभकारी रहेगा। इससे याददाश्त मजबूत होगी और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि अंतिम दौर में पाठ्यक्रम को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर रिवीजन करना चाहिए। सब कुछ एक साथ पढ़ लेने की हड़बड़ी में अक्सर विद्यार्थी पहले से तैयार किया हुआ भी भूल जाते हैं।
डॉ. अनीता ने बताया कि स्मरण शक्ति बढ़ाने, एकाग्रता बनाए रखने और तनाव दूर करने के लिए रोजाना 15 से 20 मिनट योगाभ्यास जरूर करें। साथ ही समय पर भोजन और पूरी नींद लेना भी बेहद जरूरी है। अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा के दबाव में कई बार बच्चे खुद को घर के एक कोने में सीमित कर लेते हैं, जो सही नहीं है। ऐसे में विद्यार्थियों को समय-समय पर परिजनों और दोस्तों से बातचीत करते रहना चाहिए।