डुमरियागंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के धौरहरा धर्मपुर गांव निवासी गीता देवी पत्नी रामनेवास ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को शिकायती पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट करने और गले में पहनी सोने की माला छीनने का आरोप लगाया है।
शिकायती पत्र में गीता देवी ने बताया कि बीते 25 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे गांव के ही कुछ लोगों ने बिना किसी वजह के अपशब्द कहे और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान उसके गले में पहनी सोने की माला भी छीन ली गई। माला वापस मांगने पर उसे वापस नहीं किया जा रहा है।
पीड़िता का कहना है कि मामले को लेकर थानाध्यक्ष से शिकायत की गई लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने पुलिस क्षेत्राधिकारी से मामले की जांच कराकर न्याय दिलाने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इस संबंध में सीओ बृजेश वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।