जनपदीय माध्यमिक विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू
सिद्धार्थनगर। जिला स्टेडियम में मंगलवार को जनपदीय माध्यमिक विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें जिले के माध्यमिक और राजकीय विद्यालयों सहित 25 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। 800 मीटर सीनियर बालक वर्ग में जय किसान इंटर कॉलेज सनई के अक्षय कुमार प्रथम, गांधी आदर्श इंटर कॉलेज बढ़नी के नरेंद्र गौतम द्वितीय और किसान इंटर कॉलेज उसका के मुकेश राजभर तृतीय स्थान पर रहे।
जूनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज के अनूप प्रजापति प्रथम, माता प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज इटवा के प्रमोद कुमार मौर्य द्वितीय और जनता इंटर कॉलेज के सचिन वरुण तृतीय रहे। जूनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में जनता इंटर कॉलेज आसिधवा की काजल तिवारी प्रथम और चंद्रावती पीपुल्स इंटर कॉलेज डुमरियागंज की पूनम द्वितीय स्थान पर रहीं। सब जूनियर बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में किसान इंटर कॉलेज उसका के देवांश यादव प्रथम और शिवपति इंटर कॉलेज शोहरतगढ़ के आयुष कुमार द्वितीय स्थान पर रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य अरविंद कुमार चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया।इस दौरान प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष बृजेश द्विवेदी, शेषनारायण पांडेय, डॉ. धर्मेंद्र मिश्रा, शैलेंद्र शर्मा, विनय अनमोल, रामनिवास कुशवाहा आदि मौजूद रहे।