-जिले में मौजूद हैं 224 माध्यमिक विद्यालय, परीक्षा में सम्मलित होते लगभग 50 हजार विद्यार्थी
सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा को पूरी तरह से नकल विहीन करने के लिए बोर्ड इस बार एआई का भी प्रयोग करेगा। इससे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को पूरी तरह से नकल विहीन बनाया जाएगा।
अभी तक बोर्ड परीक्षा की निगरानी सचल दस्ता की टीम के अलावा सीसी कैमरे से की जा रही थी। इसका पूरा कंट्रोल जिला मुख्यालय पर रहता है, लेकिन इस बार बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन करने के लिए एआई का प्रयोग किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिले में कुल 224 माध्यमिक विद्यालय हैं। जिले में 10वीं व 12वीं में लगभग 50 हजार से अधिक छात्र-छात्रा परीक्षा में प्रतिभाग करते हैं। इस बार बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है।
एआई से न केवल परीक्षा के दौरान छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी बल्कि रात में प्रश्न पत्र रखे जाने वाले कमरों यानी स्ट्रांग रूम की भी निगरानी की जाएगी। एआई में अलर्ट सिस्टम भी रहेगा। इससे किसी भी अनुचित गतिविधि जैसे कि छात्रों का आपस में बात करना, नकल की कोशिश करना या स्ट्रांग रूम के खुलने बंद होने में गड़बड़ी होने पर तत्काल अलर्ट जारी होगा।
-
वर्जन
बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरु हो गई हैं। विभाग विद्यालयों का डाटा अपडेट कर रहा है। परीक्षा में सबसे आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल निगरानी के लिए होगा। इसमें एआई भी शामिल होगा।
अरुण कुमार, डीआईओएस