इटवा। कस्बा निवासी एक बीज व्यवसायी ने कर्ज लेने के दौरान बैंक को गारंटी के लिए दिए गए दो चेकों में एक से फर्जी तरीके से भुगतान लेने का आरोप जिला मुख्यालय स्थित एक बैंक के कर्मियों पर लगाया है। मामला सिद्धार्थ नगर मुख्यालय का है।
इटवा निवासी व्यापारी अय्यूब का कहना है कि उसने जनपद मुख्यालय स्थित एक बैंक से तीन वर्ष पूर्व में 30 लाख रुपये कर्ज लिया था। कर्ज लेने के पूर्व लोन सेक्शन में कार्य देख रहे दो बैंककर्मी ने उससे हस्ताक्षर युक्त दो चेक मांगे। उनकी मांग पर उसने दो हस्ताक्षर युक्त सादे चेक दे दिए। इन चेकों में एक चेक से नौ दिसंबर को भुगतान का मैसेज आया। इस मामले में अय्यूब ने सीएम, डीएम व पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर संबंधित बैंक कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।