- गोरखपुर रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर हाल में हुई वारदात
सकारपार। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की देर रात मुंबई जाने के लिए ट्रेन पकड़ने पहुंचे सिसहनिया गांव निवासी उमेश शर्मा (28) पुत्र रामकेशर से टिकट काउंटर हाल के सामने उचक्कों ने छिनैती की वारदात को अंजाम दिया। इससे वहां मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना के बाद पीड़ित युवक ने वहां मौजूद पुलिसकर्मी से शिकायत की लेकिन, जबतक पुलिस वहां पहुंचती उचक्के मौका पाकर भीड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
जानकारी के मुताबिक, बांसी कोतवाली क्षेत्र के सिसहनिया गांव निवासी उमेश शर्मा (28) पुत्र रामकेशर काम के सिलसिले में मुंबई जा रहा था। उमेश ने बताया कि वह बीते शुक्रवार की रात लगभग दो बजे गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर टिकट काउंटर के सामने हाल में बैठ कर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। तभी अचानक पांच सात की संख्या में उचक्के पहुंचे और अनायास नोक-झोंक करने लगे। इसी दौरान उचक्कों ने उसका बैग और जेब में रखा मोबाइल छीन लिया। उमेश शोर मचाता रहा, लेकिन भीड़भाड़ और अफरा-तफरी के बीच आरोपी वहां से चंपत हो गए।
पीड़ित उमेश ने बताया कि बैग में पांच हजार रुपये नगदी, जरूरी दस्तावेज और कपड़े रखे थे। साथ ही बताया कि उचक्कों ने वहां लगभग 15 से 20 लोगों के साथ छीना-झपटी की वारदात को अंजाम दिया। मोबाइल छिन जाने से वह परिजनों को भी सूचना नहीं दे पा रहे थे। सुबह में पुलिस ने बांसी आ रही बस पर बिठाया तब वह अपने घर पहुंच पाया।
इस मामले में जीआरपी इंस्पेक्टर अनुज सिंह ने बताया कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।