सिद्धार्थनगर। उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में अब तक 903 किसानों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है। चयनित किसानों को योजना के अनुसार 40 से 90 प्रतिशत तक अनुदान सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजा जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी विमल कांत ने बताया कि अब तक एकीकृत बागबानी विकास मिशन में 241, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना में 81, अनुसूचित जाति व जनजाति औद्यानिक विकास योजना में 94 और पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना में 487 किसानों ने पंजीयन कराया है।
मिशन के तहत टिश्यू कल्चर केला, स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, पपीता, आम, अमरूद, लीची, संकर सब्जियां, प्याज, लहसुन, मल्चिंग, लाइट ट्रैप, फेंसिंग, पावर टिलर और मधुमक्खी पालन समेत कई मदों में अनुदान दिया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना में संकर सब्जियां, ट्रैक्टर, पावर टिलर और पावर नैपसेक स्प्रेयर पर अनुदान मिलेगा।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति के किसानों के लिए संकर कद्दूवर्गीय सब्जी, शिमला मिर्च, टमाटर, मसाला मिर्च, प्याज, लहसुन, गेंदा, आईपीएम और पावर टिलर पर भी अनुदान का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के तहत ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई के लिए 2000 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।