दाएं स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह के बांसी और बाएं बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी
- फोटो : अमर उजाला।
सिद्धार्थनगर जिले में ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में भाजपा 14 में 10 ब्लॉकों पर काबिज होने में सफल रही है। लेकिन उसे जिले के दोनों मंत्रियों के गढ़ में हार का मुंह देखना पड़ा। स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह के बांसी और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी के इटवा ब्लॉक में सपा ने कब्जा जमा लिया है।
स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह के बांसी विधानसभा क्षेत्र के बांसी ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी नीलम मिश्रा के सामने सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक लालजी यादव की पत्नी नीलम यादव चुनाव लड़ रही थी। यहां भाजपा प्रत्याशी को सपा प्रत्याशी से आधे से भी कम मत से संतोष करना पड़ा। यहां भाजपा को 25 तो सपा को 51 मत मिले हैं।
वहीं चुनाव में नामांकन के दिन हुए बवाल से चर्चा में आए बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी के इटवा विधानसभा क्षेत्र के इटवा ब्लॉक में भी भाजपा प्रत्याशी को करारी हार का सामना करना पड़ा। यहां भाजपा प्रत्याशी राधा देवी को मात्र 23 मत मिले, जबकि सपा नेता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय की पत्नी सूर्यमती पांडेय 57 मत पाकर चुनाव जीतने में सफल रहीं। दोनों मंत्रियों के गढ़ में भाजपा की हार और सपाई दिग्गजों का काबिज होना चर्चा में है।
कपिलवस्तु में निर्दलियों का दबदबा
विधायक श्यामधनी राही के विधानसभा क्षेत्र कपिलवस्तु के बर्डपुर में भाजपा के वाकओवर देने से पहले ही अपना दल एस के विधायक चौधरी अमर सिंह की पत्नी निर्दलीय प्रत्याशी वंदना सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी थीं। मतदान में इसी क्षेत्र के लोटन ब्लॉक में पूर्व विधायक अनिल सिंह के पुत्र निर्दलीय प्रत्याशी आशीष सिंह ने भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र मणि त्रिपाठी को करारी शिकस्त दी, जबकि नौगढ़ ब्लॉक में निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा को कांटे की टक्कर दी।