बर्डपुर (सिद्धार्थनगर)। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में 29 जून को होने वाले 10वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए स्वर्ण पदक पाने वाले विद्यार्थियों की अनंतिम श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है, जिसमें छात्राओं की मजबूत बढ़त ने एक बार फिर चर्चा को नया आयाम दे दिया है।
विश्वविद्यालय के सूचना एवं संपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने बताया कि 29 जून 2026 को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह के लिए तैयार की गई इस सूची में कुल 37 स्वर्ण पदक शामिल हैं, जिनमें 28 छात्राएं और मात्र नौ छात्र स्थान पा सके हैं। सूची जारी होने के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में मेधावी छात्रों के बीच उत्साह बढ़ गया है।
हालांकि, यह सूची अंतिम नहीं है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अनंतिम श्रेष्ठता सूची है और इसमें सुधार या आपत्ति का अवसर दिया गया है। विद्यार्थी 17 जून 2026 की शाम 5 बजे तक ई-मेल के माध्यम से अपने अंक, विवरण या श्रेष्ठता क्रम से संबंधित आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त आपत्तियों के परीक्षण के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी, जिसके आधार पर दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का सबसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक आयोजन होता है, जहां स्वर्ण पदक विद्यार्थियों की मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन का सर्वोच्च सम्मान है।