सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 2026 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट इंप्रूवमेंट कंपार्टमेंट के विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक परीक्षार्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर छह से 27 जून 2026 तक दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट परीक्षा में परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण एक विषय में और कम्पार्टमेंट परीक्षा में अधिकतम दो अनुत्तीर्ण विषयों में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए परीक्षा शुल्क 265.50 रुपये निर्धारित किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार के अनुसार इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थी किसी एक विषय में या कृषि वर्ग के विद्यार्थी कृषि भाग-1 या भाग-2 में किसी एक प्रश्नपत्र में सम्मिलित हो सकते हैं। व्यावसायिक वर्ग के छात्र भी एक प्रश्नपत्र में कम्पार्टमेंट परीक्षा दे सकेंगे। इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा का शुल्क 306 रुपये निर्धारित किया गया है। निर्धारित शुल्क को कोषागार में चालान के माध्यम से जमा करना होगा।
चालान की मूल प्रति के साथ ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रति परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि के तीन दिन के भीतर परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में पंजीकृत डाक से भेजना अनिवार्य होगा। इसके अलावा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में लिखित, प्रायोगिक तथा प्रोजेक्ट (आंतरिक मूल्यांकन) से संबंधित विषयों में अनुत्तीर्ण छात्रों को दोनों भागों की परीक्षा में सम्मिलित होना होगा। परीक्षा कार्यक्रम एवं अन्य विस्तृत जानकारी परिषद द्वारा अलग से जारी की जाएगी।