शोध पात्रता परीक्षा आज
सिद्धार्थ विश्व विद्यालय में मास्क लगाने वालों को ही दिया जाएगा प्रवेश
परीक्षा में शामिल होंगे छह जिलों के महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में बृहस्पतिवार को शोध पात्रता की लिखित परीक्षा होगी। इसमें कई विश्वविद्यालयों के स्नातकोत्तर उत्तीर्ण विद्यार्थी शोध में पंजीकरण कराने की परीक्षा में सम्मिलित होंगे। शोध पात्रता परीक्षा विश्वविद्यालय केंद्र पर होगी। परीक्षा में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के 833 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
केंद्र अध्यक्ष प्रो. दीपक मिश्रा ने बताया की शोध पात्रता परीक्षा के लिए वाणिज्य संकाय को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दो पारियों में होगी। पहली पाली में 10 बजे से 12 बजे तक दूसरी पाली 2 से 4 तक निर्धारित है। परीक्षा से एक घंटा पहले अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश कराया जाएगा। अभ्यर्थियों के चार पहिया एवं दो पहिया वाहन मुख्य परिसर के गेट के पास रखने होंगे। सभी परीक्षार्थी अनिवार्य रूप से कोविड प्रोटोकाल का पालन करेंगे। अनिवार्य रूप से मास्क का व्यवस्थित प्रयोग करेंगे। विश्वविद्यालय की तरफ से सैनिटाइजेशन की दुरुस्त व्यवस्था की गई है। केंद्र के मुख्य द्वार सहित कक्षों में भी सैनिटाइजर उपलब्ध रहेंगे। 15 विषयों की परीक्षा प्रथम पाली में तथा पांच विषयों की परीक्षा द्वितीय पाली में होगी।
शोध पात्रता परीक्षा के समन्वयक प्रो. सुशील तिवारी ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र निर्गत कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होंगे। परीक्षार्थियों को भी कोविड से बचाव का ध्यान रखना होगा। सतर्कता के साथ परीक्षा की हर व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है। कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव ने निर्देश दिए हैं कि कोविड से बचाव के सभी प्रयास केंद्र पर अनिवार्य रूप से किए जाएं। उन्होंने बताया कि कुलपति के निर्देशानुसार स्वच्छता पूर्ण एवं व्यवस्थित परीक्षा कराने के लिए दोनों पारियों में अलग-अलग चार बाहर से पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए। इसके साथ साथ सहायक केंद्राध्यक्ष और अन्य भी व्यवस्थित परीक्षा कराने के लिए निर्धारित कर दिए गए हैं। यह जानकारी सूचना जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने दी है।