शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एडीजी
सिद्धार्थनगर। दो दिवसीय दौरे पर जनपद में आए एडीजी जोन गोरखपुर अखिल कुमार ने बुधवार देर शाम त्रिलोकपुर थाने का निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क पर आने वाले शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। वृहस्पतिवार को पुलिस लाइंस और एसपी कार्यालय के सभी शाखा का निरीक्षण किया। फाइलों को सही तरीके से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीजी जोन गोरखपुर अखिल कुमार बुधवार शाम को त्रिलोकपुर थाने पर पहुंचे। स्वच्छता के लिए पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया। आम का पौधा भी लगाया। उन्होंने आरक्षी बैरक में पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर जरूरी निर्देश दिए। साइबर क्राइम हेल्प सेल का भी जायजा लिया। महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर दर्ज किए गए मामले और उनमें अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। एडीजी ने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों के मामले में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एडीजी ने जनशिकायत रजिस्टर को भी देखा। उन्होंने मेस, थाना परिसर, मालखाना आदि का निरीक्षण कर निर्देश दिए। एडीजी ने कहा कि विवेचनाओं का सही और समय से निस्तारण किया जाना चाहिए। छोटे विवादों में भी प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
एडीजी ने एसपी डॉ. यशवीर सिंह से कहा कि डीएम से वार्ता कर एक ऐसा नियम बनाए कि जिस दिन लेखपाल गांव में पहुंचे, उसी दिन बीपीओ व अन्य अधिकारी भी गांव में पहुंचे। जिससे सब मिलकर गांव की समस्या का निस्तारण कराएं। इस दौरान एएसपी सुरेश चन्द्र रावत, सीओ डुमरियागंज अजय कुमार श्रीवास्तव, आनंद कुमार, एसओ विद्याधर कुशवाहा, एसआई राम प्रकाश चंद्र, प्रमोद कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।
---
फाइलों के रखरखाव पर दें विशेष ध्यान
एडीजी अखिल कुमार ने वृहस्पतिवार को पुलिस लाइंस का निरीक्षण किया। यहां पर सबसे पहले पुलिस कर्मियों के बैरक को देखा। इसके बाद एसपी कार्यालय के शिकायत प्रकोष्ठ, आइजीआरएस सेल, एलआईयू कार्यालय, पेशकार के शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान पुरानी फाइलों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने फाइलों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देेने के निर्देश दिए।