हादसे में एक ही परिवार के सात लोग जख्मी
बलरामपुर के पचपेड़वा के पास हुई दुर्घटना, बढ़नी के हैं निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
बढ़नी। बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर में स्थित देवीपाटन मंदिर में दर्शन करके वापस घर आ रहे बढ़नी नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो के रहने वाले एक परिवार के सात लोग टेंपो के दुर्घटनाग्रस्त होने से सोमवार को जख्मी हो गए, उन्हें पचपेड़वा सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
ढेबरुआ थानाक्षेत्र के बढ़नी नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो के रहने वाले उमाशंकर गौड़ का परिवार सोमवार को देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर से दर्शन करने के बाद टेंपो से लौट रहा था। तुलसीपुर-बढ़नी मार्ग पर बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थानाक्षेत्र के रजडेरवा चौराहे के पास पीछे से तेज गति से आ रही इनोवा गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे टेंपों पलटकर सड़क के किनारे चली गई। इनोवा की जोरदार टक्कर और पलटने से टेंपो सवार सभी लोग घायल हो गए। जिसमें तीन लोग यशोदा देवी (65), विशाल (14)और स्वयं (8) की हालत गंभीर बताई जा रही है। जबकि कमलेश देवी, उमाशंकर, चुम्मन व प्रियांशु को मामूली चोटें आई हैं। घायल लोगों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़वा में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चालक सहित टेंपो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के हैं।