- सभी विद्यालयों में करीब 50 हजार छात्र-छात्राएं लेंगे हिस्सा
- बीएससी व एमएससी एजी सहित कई विषयों की परीक्षा होगी
- विश्वविद्यालय सहित अन्य जिलों में सात परीक्षा केंद्र निर्धारित
- सीसीटीवी कैमरे से रखी जाएगी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु व उससे संबद्ध महाविद्यालयों में सात जून से सेमेस्टर परीक्षा शुरू होगी। इसमें अलग-अलग कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के लिए सेंटर बनाए गए हैं। करीब 50 हजार छात्र-छात्रा परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी।
विश्वविद्यालय व उससे संबद्ध महाविद्यालयों में नाॅन एनईपी के तहत बीएड, बीपीएड प्रथम व द्वितीय वर्ष, बीएएलएलबी द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर, एमएड द्वितीय व चतुर्थ सेमस्टर, एलएलबी द्वितीय, चतुर्थ व षष्टम सेमेस्टर, बीएससी कृषि द्वितीय, चतुर्थ व षष्टम सेमेस्टर, एमएससी कृषि द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर, एमए, एमएससी रक्षाअध्ययन, गणित द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं होंगी।
इसके अलावा एमएससी वनस्पति विज्ञान, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर, बीसीए चतुर्थ व षष्टम सेमेस्टर, एमकाम व एमए हिंदी की चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा होनी है। इसके लिए विश्वविद्यालय सहित अलग-अलग जिलों में सात परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए है, जबकि बीएससी कृषि व एमएससी कृषि के लिए जिले के दो महाविद्यालय सहित अलग-अलग जिलों में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आठों केंद्रों पर 4043 छात्र-छात्रा परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा सात जून से 22 जून तक संचालित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर नोडल अधिकारी तैनात रहेंगे।
इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं की परीक्षा सात जून से प्रारंभ होगी। सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। धांधली करने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
एक ही पाली में होगी परीक्षा
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय व उससे संबद्ध महाविद्यालयों में सात जून से संचालित होने वाली परीक्षा एक ही पाली में होगी। भीषण गर्मी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने सुबह के पाली में सुबह सात से 10 बजे तक परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय परिसर में साढ़े छह बजे पहुंचना होगा। संवाद