बांसी। ताल लाल की भूमि पर अवैध कब्जा करने और उसे प्लाॅटिंग करके बेचने के मामले को काफी गंभीरता से लेते हुए एसडीएम प्रदीप कुमार यादव ने बृहस्पतिवार को बुलडोजर चला कर अतिक्रमण हटवा दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि माफियाओं को चिन्हित कर प्राथमिक दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
एसडीएम बांसी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि ग्राम प्रतापपुर में स्थित ताल की भूमि के आशिक क्षेत्रफल पर कुछ भू-माफियाओं की ओर से मिट्टी पाटकर प्लाॅटिंग करके करोड़ों के दाम में विक्रय किया गया है। यह अवैध अतिक्रमण को नगर पालिका, राजस्व व पुलिस बल की संयुक्त टीम ने अपराह्न लगभग दो बजे जेसीबी चलाकर अतिक्रमण को हटाया दिया।
उन्होंने कहा कि जल्द ही भूमाफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ बांसी कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा।
सरकारी भूमि पर कब्जे की उपजिलाधिकारी से शिकायत :
बांसी। कपिया शुक्ल गांव की महिलाओं ने बृहस्पतिवार को तहसील कार्यालय में एसडीएम प्रदीप कुमार यादव को ज्ञापन सौंपा। गांव में दलित आबादी की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को रोकने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं ने गांव के एक व्यक्ति पर चकबंदी विभाग की ओर से चिह्नित दलित आबादी की जमीन पर अवैध तरीके से जबरदस्ती कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। माला, सुमन, जानकी, प्रमिला, अनीता, ऊषा, रीता देवी, मनभावती तथा सुभावती आदि के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन में कहा गया है कि चकबंदी विभाग की ओर से चिह्नित किए गए भूमि में लगे पत्थर को अवैध कब्जा की नियत से गांव के एक व्यक्ति ने उखाड़ कर फेंक दिया है और अपने धन, रसूख व दबंगई के बल पर वह दलित आबादी की भूमि पर फसल बुआई के फिराक में लगा है, जिसे रोका जाना आवश्यक है।
इस संबंध में एसडीएम प्रदीप कुमार यादव ने कहा है कि नायब तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजकर शुक्रवार को मामले का निस्तारण करा दिया जाएगा।