विद्यालय का रजिस्टर फाड़ा और वहीं सोते पकड़ा गया
इटवा। खुनियांव ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मानादेई का ताला तोड़कर सोमवार की रात युवक अंदर घुसा और रजिस्टर फाड़ दिया। फिर रसोई घर में खाना बनाकर खाया और सो गया। ग्रामीणों ने मंगलवार को उसे पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
आरोप के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर बल्लीजोत निवासी छोटू कमरे में घुस गया और कमरे में रखे रजिस्टर व किताबों को फाड़ दिया। यहीं नहीं, रसोई घर का ताला तोड़कर उसने वहां रखे गैस चूल्हे व राशन से खाना बनाया और खाकर वहीं पर सो गया।
सुबह लोगों के विद्यालय की तरफ जाने पर जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सूचना इटवा पुलिस को दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र राय का कहना है कि जांच की जा रही है। युवक के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।