सिद्धार्थनगर। परिवहन विभाग में बसों की कमी के कारण सावन में भी वाराणसी के लिए बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। जिले से काशी विश्वनाथ की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दो नई बस आने के बाद भी वाराणसी रूट पर बसों का संचालन शुरू नहीं किया गया।
परिवहन विभाग ने सड़क बनने का हवाला देते हुए पिछले सात महीनों से वाराणसी रूट की बस शुरू नहीं हो पाई है। बसों की संचालन बंद होने से पर्यटन को बढ़ावा नहीं मिल पा रहा है, जबकि जिले से सावन के महीने में 400 से 500 यात्री बस से यात्रा करते हैं, लेकिन बस की सेवा न होने से लोगों को गोरखपुर जाकर वहां से ट्रेन या बस से यात्रा करनी पड़ती है।
शोहरतगढ़ के राजकुमार ने बताया कि मुझे परिवार के साथ काशी विश्वनाथ का दर्शन करने जाना था, सोच रोडवेज पर बस मिल जाएगी, लेकिन पता चला कि काशी विश्वनाथ के लिए बसों का संचालन बंद है। अब मुझे ट्रेन से यात्रा करना पड़ेगी। लोटन क्षेत्र के अनीश ने बताया कि बसों के संचालन बंद होने से यात्रियों को परेशानी हो रही हैं। बसों का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वाराणसी के लिए बसों का संचालन जल्द ही शुरू किया जाएगा, रूट डाइवर्जन होने के कारण बसों का संचालन बंद कर दिया गया था।
-कैलाश कुमार, एआरएम