ब्लॉक स्तरीय खेलकूद में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
- नायब तहसीलदार ने किया दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन
- पहले दिन खेलकूद सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। बीआरसी परिसर में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ नायब तहसीलदार आनंद कुमार ओझा ने दीप प्रज्वलित करके व झंडारोहण कर किया।
मुख्य अतिथि आनंद कुमार ओझा ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। कई ऐसे बच्चे हैं जो खेलकूद के माध्यम से भी आगे बढ़ रहे हैं। कोविड-19 के बाद एक बार फिर खेलकूद के माध्यम से बच्चों के चेहरे पर रौनक लौटी है। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी श्याम प्रताप सिंह ने कहा कि ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता से पूर्व न्याय पंचायत स्तर पर खेलों का आयोजन किया गया था। जिसमें विजयी प्रतिभागी बच्चे ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। दो दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन कार्यक्रम के शुभारंभ में पूर्व माध्यमिक विद्यालय डुमरियागंज की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत की। स्काउट गाइड पीटी कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय गौहनिया राज की बालिकाओं द्वारा अपने प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सभी लोगों का मन मोह लिया। शानदार प्रस्तुति के लिए बालिकाओं को पुरस्कृत भी किया गया। पहले दिन आयोजित खेलों में खो-खो जूनियर वर्ग बालिका में झहरांव को प्रथम स्थान, कूड़ी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा कबड्डी प्राथमिक व जूनियर स्तर सहित अन्य खेलों का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर नसीम अहमद, मिर्जा महबूब हसन, धर्मराज दुबे, आरिफ उस्मानी, जर्नादन शुक्ल, अनूप पांडेय, संतोष सिंघानिया, आबिद रिजवी, कुलदीप कुमार, मस्तराम, अमित मिश्र, शिवाजी, अवधेश त्रिपाठी, राकेश पांडेय, अकमल, मकसूद, अमृतलाल और मोहम्मद शारिक आदि मौजूद थे।