शोहरतगढ़। वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम शोहरतगढ़ में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल के दूसरे व अंतिम दिन रविवार को सिद्धार्थनगर के रूपेश पांडेय व भारत केसरी जग्गा पहलवान पंजाब के बीच महा मुकाबला हुआ।
दस मिनट की कुश्ती में रूपेश ने तीन मिनट में भारत केसरी जग्गा पहलवान से कलाजंग दांव मारकर चित कर दिया और प्रतियोगिता को अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में आयोजक सूर्य प्रकाश पांडेय व सोनीपथ के पहलवान अंकित के बीच मुकाबला हुआ।
मुकाबले को देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। दोनों के बीच सांडीतोड़न पेच कभी बगलडूब पेच दोनों पहलवान ने दांव पैतरा आजमाइश की। कुश्ती के लिए दिए गए समय के अंतिम समय में सूर्य प्रकाश पांडेय पहलवान ने धोबी पछाड़ पर कर अंकित को चित कर दिया।